**प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविरों का जिला अधिकारियों ने किया निरीक्षण*
---
*गर्भवती महिलाओं को प्रोटोकॉल अनुसार स्वास्थ्य सेवाएं देने के निर्देश**
---
उज्जैन, 12 नवम्बर 2026 मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम रघुवंशी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों का सिविल अस्पताल नागदा एवं खाचरोद में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जितेंद्र राजपूत एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. रविंद्र कुमार पाल द्वारा निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर में उपस्थित गर्भवती महिलाओं एवं हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गर्भवती महिलाओं की आवश्यक जांच, स्वास्थ्य परीक्षण, जोखिम की समय पर पहचान एवं उचित उपचार तथा हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की विशेष निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
अधिकारियों ने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का लाभ प्रत्येक पात्र गर्भवती महिला तक पहुंचाया जाए, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार के साथ सुरक्षित मातृत्व के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर संस्था प्रभारी सहित अस्पताल का अन्य स्वास्थ्य स्टॉफ उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh PRO Ujjain CM&HO Office Ujjain