कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित हुई। जिसमें संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा विभागीय गतिविधियों से संबंधित जानकारी प्रदान की गई। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कलेक्टर ने बैठक के दौरान इन्दौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुनावद फाटा के खतरनाक मोड़ (Curve) में सुधार के लिए एनएच, राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बदनावर-उज्जैन मार्ग के बदनावर जंक्शन पर आवश्यक साइन बोर्ड लगाने तथा महू-घटाबिल्लोद मार्ग पर इंडोरमा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के आदेश दिए गए।
मार्गों पर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इन्दौर-अहमदाबाद मार्ग पर बीएलएस (BLS) के स्थान पर एएलएस (ALS) एम्बुलेंस तैनात करने तथा चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स के समीप शासकीय भवनों के पास एम्बुलेंस पार्किंग प्लान तैयार करने के निर्देश जारी किए गए। आम नागरिकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धार मुख्यालय में इन्दौर नाका से गुलाब चक्कर तक 2.50 कि.मी. लंबे मार्ग पर जल्द फुटपाथ निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति की अग्रिम कार्रवाई के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए।
आगामी त्योहारों के दृष्टिगत पुलिस और परिवहन विभाग को भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात नियंत्रण, नियमों का कड़ाई से पालन कराने और 'ड्रिंक एंड ड्राइव' के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में राहवीर योजना के लंबित प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृत करने और सभी संबंधित विभागों को जल्द से जल्द पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी जारी किए गए। इस दौरान संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh