प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 25 हजार दीपों से जगमगाया जुड़वा तालाब
‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में उमड़ी भव्य जनभागीदारी,
जनप्रतिनिधियों, हितग्राहियों एवं जिलेवासियों ने प्रज्ज्वलित किए आशीर्वाद के दीप
सिंगरौली, 17 सितम्बर 2026। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का सिंगरौली जिले में भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। अभियान के प्रथम दिवस आयोजित ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में जुड़वा तालाब परिसर 25 हजार मिट्टी के दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा। हजारों दीपों से सजे जुड़वा तालाब की मनोहारी छटा ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया। कार्यक्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा विधिवत मंत्रोच्चार एवं वैदिक विधि-विधान के साथ दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री रामनिवास शाह, विधायक श्री राजेन्द्र मेश्राम, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री संघप्रिय, पार्षद सीमा जयसवाल, राम नरेश शाह, संतोष शाह, , नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, नगर निगम डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, कार्यपाल न यंत्री संतोष पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।
‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम में समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिली। समाजसेवियों, व्यापारीगण, हितग्राही परिवारों, छात्र-छात्राओं, युवाओं, महिला शक्ति, जन अभियान परिषद के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोगों ने ‘आशीर्वाद का एक दीप’ जलाकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। कार्यक्रम की जनभागीदारी जुड़वा तालाब परिसर तक सीमित नहीं रही, बल्कि नगरीय क्षेत्र के सभी वार्डों तथा जिले के विभिन्न ग्रामों तक पहुंची। हितग्राही परिवारों ने अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दिया’ प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री आवास योजना गनियारी के हितग्राही परिवारों द्वारा विशेष उत्साह के साथ 11 हजार दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस प्रकार जिलेभर में घर-घर जलाए गए दीप सेवा, संकल्प और जनभागीदारी के संदेश के प्रतीक बने।
जुड़वा तालाब परिसर में 25 हजार दीपों की सामूहिक रोशनी और जिलेभर में घर-घर प्रज्ज्वलित ‘आशीर्वाद के दीपों’ से वातावरण श्रद्धा, उल्लास और उत्साह से भर उठा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘एक दिया आशीर्वाद का’ कार्यक्रम जनभागीदारी के एक भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन के रूप में सामने आया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक जिले में जनसेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य परीक्षण, पौधरोपण, सामाजिक कल्याण तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ जनभागीदारी को सशक्त बनाना है। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने जिलेवासियों से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने तथा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अपना योगदान देने की अपील की।
Narendra Modi
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh