हरिद्वार में देर शाम हुई भारी बारिश से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक जलभराव की स्थिति पैदा हो गई।
सिडकुल थाना अंतर्गत रावली महदूद क्षेत्र में तेज बारिश के बाद नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ने से दर्दनाक हादसा सामने आया।
तेज बहाव की चपेट में आने से दो बच्चे नाले में बह गए, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरा बच्चा पानी के तेज बहाव में डूब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश शुरू की।
देर शाम तक जेसीबी की मदद से नाले और आसपास के जलभराव वाले क्षेत्रों में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
हादसे में 5 साल की बच्ची की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सिडकुल की ओर से आने वाले पानी के कारण क्षेत्र में अक्सर जलभराव और तेज पानी का बहाव हो जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
भारी बारिश के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने जलभराव और नाले की व्यवस्था को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
#heavyrain #flood #flooding #SIDCUL #Haridwar #हरिद्वार #HaridwarNews