गंगापुर सिटी में पांच करोड़ की फिरौती का मामला"
राकेश अग्रवाल जिला संवाददाता
गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर - सालौदा मोड़ स्थित रिया हॉस्पिटल के संचालक डॉ. महेंद्र कुमार मीना ने पुलिस में सनसनीखेज रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि उन्हें विदेशी नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए पांच करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई। रकम नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार 18 अगस्त को शाम 6:03 बजे डॉ. महेंद्र को एक कॉल आया, जिसमें खुद को गोदारा बताने वाले व्यक्ति ने धमकी भरे शब्द कहे। इसके बाद 21 अगस्त को लगातार कॉल और मैसेज आए, जिनमें बेटे ऋषभ को गोली मारने और परिवार को खत्म करने की बात कही गई। धमकी देने वाले ने खुद को "गोदारा ग्रुप" से जुड़ा बताया।
लगातार धमकियों से परिवार दहशत में है। डॉ. महेंद्र ने पुलिस से सुरक्षा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उदेई मोड़ थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 308 (5) और 351 (3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब व्हाट्सऐप कॉल, वॉइस मैसेज और विदेशी नंबरों की जांच कर रही है।
यह मामला गंगापुर सिटी में चर्चा का विषय बन गया है-जहां अस्पताल संचालक का परिवार अब **"फिरौती के साए में”** जी रहा है।