जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में जिले के सभी अंचल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रशासन, लोक शिकायत, सहयोग शिविर, अतिक्रमण, पंचायत सरकार भवन एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला स्तरीय लोक शिकायत निवारण से संबंधित लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंनेसात निश्चय–3 के अंतर्गत सातवें निश्चय “सबका सम्मान–जीवन आसान तहत सोमवार एवं शुक्रवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार एवं सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का भी शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना अध्यक्षों को प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित करने तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के राजस्व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायत सरकार भवनों की समीक्षा के क्रम में उन्होंने निर्देशित किया कि जिन पंचायतों में पंचायत सरकार भवन के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, वहां शीघ्र भूमि की पहचान कर उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने सरकारी भूमि पर गलत तरीके से कायम जमाबंदियों की समीक्षा कर नियमानुसार रद्दीकरण (रद्द करने) की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि किसी कर्मी द्वारा कार्य के प्रति लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिले के बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। विशेष रूप से चांदन, कटोरिया एवं बेलहर के अंचल अधिकारियों को आगामी श्रावणी मेला को ध्यान में रखते हुए कांवरिया पथ एवं मेला क्षेत्र में किए गए सभी अतिक्रमणों को शीघ्र हटाने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी ने इ-मापी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि सभी राजस्व सेवाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जाएं।
Banka, Bihar | Jul 14, 2026