सोलन तहसील कार्यालय पर लगाए गए आरोपों को तहसीलदार ने बताया निराधार, बोले— तथ्यों के बिना सोशल मीडिया पर बदनाम करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
सोलन। सोलन तहसील कार्यालय में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बनाई गई वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। वीडियो में आरोप लगाया गया था कि तहसील कार्यालय में अधिकारी मौजूद नहीं हैं और सारा स्टाफ शाम साढ़े चार बजे ही कार्यालय से जा चुका है। इस वीडियो के माध्यम से तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए थे।
इन आरोपों पर आज तहसीलदार राजीव रांटा और नायब तहसीलदार मनमोहन शर्मा ने कड़ा एतराज जताते हुए इन्हें पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस समय संबंधित वीडियो बनाई गई, उस समय वे तहसील के पटवारखाने में इंतकाल की प्रक्रिया को पूरा कर रहे थे। वीडियो उनके कार्यालय के सामने से बनाई गई थी, जबकि उस समय संबंधित कर्मचारी वहां मौजूद नहीं थे।
अधिकारियों ने बताया कि तहसील कार्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5:15 बजे तक नियमित रूप से कामकाज हुआ है और इसका पूरा रिकॉर्ड कार्यालय में उपलब्ध है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी व्यक्ति को कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने थे तो उसे पूरी जानकारी और तथ्यों के आधार पर बात रखनी चाहिए थी। वीडियो में उस हिस्से को भी नहीं दिखाया गया, जहां कर्मचारी और आम जनता मौजूद थी।
तहसीलदार और नायब तहसीलदार ने कहा कि बिना अनुमति तहसील कार्यालय के कोर्ट रूम तक पहुंचकर वीडियोग्राफी करना गंभीर मामला है। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी पर बिना तथ्यों की जांच किए आरोप लगाना और सोशल मीडिया पर तहसील कार्यालय की छवि खराब करना उचित नहीं है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तहसील कार्यालय और कर्मचारियों को बदनाम करने तथा इस तरह के कथित षड्यंत्र रचने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके लिए तथ्यों और नियमों का पालन करना जरूरी है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तहसील कार्यालय में निर्धारित समय तक कामकाज हुआ है और लगाए गए आरोपों का जवाब कार्यालय के रिकॉर्ड से दिया जा सकता है। #everyone #everyonefollowers #himachalpradesh #himachal #solan #shimla Col. Dr. Dhani Ram Shandil Sukhvinder Singh Sukhu Vikramaditya Singh Rohit Vashisht Rajeev Bindal
Solan, Solan | Nov 11, 2026