27 मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी,3 महिलाओं की मौत:अररिया में 24 घायल; चश्मदीद बोले- मदद के लिए चिल्लाती रही महिलाएं, तड़पकर गई जान
अररिया में मंगलवार सुबह ब्रेक फेल होने से मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पानी भरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई जबकि 24 मजदूर घायल हो गए। ट्रैक्टर ट्रॉली में कुल 27 मजदूर सवार थे, जिनमें ज्यादातर महिलाएं थीं। सभी धान की रोपनी के लिए जा रहे थे।
हादसा भरगामा प्रखंड के सिरसिया हनुमानगंज वार्ड संख्या-14 में हुआ। मृतक महिलाओं की पहचान मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी के रूप में हुई है। सभी मृतकों की उम्र 35 से 40 साल के बीच थी।
हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि सुबह के करीब 8 बजे सभी मजदूर ट्रैक्टर ट्रॉली में बैठकर धान की रोपनी के लिए जा रहे थे। हनुमानगंज वार्ड के पास अचानक से ट्रैक्टर का बैलेंस बिगड़ा और वो गड्ढे में गिर गया।
पानी में जाते ही 8 से 10 महिलाएं ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे दब गईं। 2 महिलाएं बहुत बुरी तरह दबी थीं। कुछ देर वो चिल्लाईं। थोड़ी देर बाद आवाज आनी बंद हो गई। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला को अस्पताल लाया गया। उसकी स्थिति गंभीर थी। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
Bihar, India | Jul 15, 2026