#ब्रेकिंग_न्यूज..
भरतपुर। जिले में वैर कस्बे के पास पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना के क्रशर प्लांट पर रविवार शाम 70-80 लोगों की ओर से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना और उनके बॉडी गार्ड गगन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपजिला अस्पताल वैर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पूर्व विधायक को जयपुर और गगन शर्मा को भरतपुर रेफर कर दिया गया। पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश भड़ाना ने आरोप लगाया कि 70-80 लोगों ने उनके पति और अन्य लोगों पर हमला किया। उन्होंने बताया कि अतर सिंह भड़ाना गोली लगने से घायल हुए हैं। क्रशर पर काम करने वाले 20-25 लोगों में से कितने घायल हुए हैं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। जानकारी के अनुसार, क्रशर संचालन को लेकर ग्रामीणों और क्रशर संचालक के बीच पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था। विवाद के चलते ग्रामीणों की ओर से क्रशर के विरोध में धरना भी दिया जा रहा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की हालत काफी गंभीर होने के कारण उन्हें जयपुर रेफर किया गया। मिली जानकारी के अनुसार, पहाड़ी पर मशीनों से खनन का काम चल रहा था। इसी दौरान पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना भी वहां मौजूद थे। आरोप है कि तभी ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
Bharatpur, Bharatpur | Oct 11, 2026