#भरतपुर। शहर में एलिवेटेड रोड और ओवरब्रिज प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य को गति देने के लिए नगर निगम ने रविवार को हीरादास चौराहे से कुम्हेर गेट तक सड़क मार्ग में बाधक बन रहे अवैध निर्माणों और अतिक्रमणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। निगम ने बुलडोजर चलाकर उन दुकानों और मकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जिन्हें हटाने के लिए चार महीने पहले नोटिस जारी किए गए थे। निगम सचिव विजय प्रताप सिंह के अनुसार, नोटिस मिलने के बाद करीब 90 प्रतिशत लोगों ने स्वैच्छिक रूप से अपने अतिक्रमण हटा लिए थे, लेकिन तय समय सीमा के बावजूद निर्माण न हटाने वालों पर यह सख्त कार्रवाई की गई। हीरादास चौराहे से कुम्हेर गेट का यह मुख्य मार्ग अक्सर गंभीर जाम की समस्या से जूझता है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी होती है। इसी यातायात दबाव से स्थायी राहत दिलाने के लिए इस मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ एलिवेटेड रोड और ओवरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके रास्ते को पूरी तरह साफ कर दिया गया है।