*पंचायतीराज चुनाव-2026: मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, गांव-गांव पहुंचकर मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण*
*संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी, पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निष्पक्षता, सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश*
पंचायतीराज चुनाव-2026 के तहत जिले की राजाखेड़ा, सरमथुरा एवं बसेड़ी पंचायत समितियों में 14 नवंबर को होने वाले जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय कर दिया है। मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रत्येक मतदाता को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने आज जिले के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर बोरोली, रतनपुर, रैवियापुरा, जारगा, अतरसूमा, खिडौरा, तुर्सीपुरा, पिपरौन, भारली, बागथर, झील, द्वौपुरा एवं ममोधन सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर तैनात पुलिस बल की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों, मतदाताओं के आवागमन के मार्ग तथा मतदान प्रक्रिया के सुचारू संचालन से संबंधित व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को निर्देशित किया कि निर्वाचन ड्यूटी के दौरान पूर्ण निष्पक्षता एवं अनुशासन बनाए रखें। किसी भी प्रकार के दबाव, प्रभाव अथवा पक्षपात से दूर रहते हुए सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़, थानाधिकारी बसेड़ी बालकृष्ण सहित पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात किया गया है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं मोबाइल पुलिस पार्टियों को निरंतर क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर संदिग्ध गतिविधियों एवं कानून व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। धौलपुर पुलिस द्वारा मतदान के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, मतदाताओं को प्रभावित करने अथवा निर्वाचन प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रत्येक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाया गया है। धौलपुर पुलिस की आमजन से अपील की है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। किसी के दबाव, भय अथवा प्रलोभन में न आएं तथा मतदान के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें। धौलपुर पुलिस का संकल्प है कि प्रत्येक मतदाता सुरक्षित माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग करे तथा पंचायतीराज चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो।