मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने देवठी पहुंचकर नंदलाल को दी अंतिम विदाई, पार्थिव शरीर के दर्शन के लिए उमड़े लोग
रामपुर बुशहर। रामपुर बुशहर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चार बार विधायक रहे नंदलाल के निधन के बाद बुधवार को उनके पैतृक क्षेत्र देवठी में शोक की लहर छाई रही। दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन करने और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित प्रदेश के कई नेता देवठी पहुंचे। इस दौरान सभी ने नंदलाल के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
नंदलाल के अंतिम दर्शन के लिए देवठी में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। क्षेत्र के लोगों, राजनीतिक प्रतिनिधियों और समर्थकों ने अपने प्रिय नेता को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनके निधन से रामपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। लंबे समय तक राजनीति और जनसेवा से जुड़े रहे नंदलाल के योगदान को याद करते हुए लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।