माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान के तहत हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम
===
विधायक ने स्वयं बनाए माटी के गणेश, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
====
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में संचालित “माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान” के अंतर्गत विकासखंड सुहागपुर में माटी से गणेश प्रतिमा निर्माण का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा लोगों को प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं के स्थान पर प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं की स्थापना एवं पूजन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में जयसिंहनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती मनीषा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान माटी से भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्वयं बनाकर अभियान के संदेश को आत्मसात किया और उपस्थित लोगों को भी मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि माटी के गणेश बनाना हमारी परंपरा, संस्कृति और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक परिवार अपने घर में माटी से गणेश प्रतिमा बनाए और उसी प्रतिमा की श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना करे। इससे हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। उन्होंने कहा कि मिट्टी से बनी प्रतिमाएं विसर्जन के बाद प्राकृतिक रूप से पर्यावरण में समाहित हो जाती हैं, जिससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने में मदद मिलती है।
उन्होंने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद एवं नर्मदा समग्र को माटी गणेश–सिद्ध गणेश अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्रीमती प्रिया सिंह बघेल, परामर्शदाता श्री जयप्रकाश काछी , श्री शिवम् तिवारी , श्री राहुल द्विवेदी ,श्री सतीश तिवारी सहित सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं, नवांकुर सखी , प्रस्फुटन समितियों एवं अभियान से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को माटी से गणेश प्रतिमा तैयार करने की विभिन्न तकनीकों की जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक प्रतिमा निर्माण में सहभागिता की और पर्यावरण हितैषी गणेश प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से “माटी के गणेश—प्रकृति के गणेश” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने तथा गणेशोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने का आह्वान किया गया।
#शहडोल #shahdol
Shahdol, Madhya Pradesh | Sep 6, 2026