पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने नव आरक्षकों का किया स्वागत, सौंपे नियुक्ति पत्र
सिंगरौली पुलिस को मिले 198 नव आरक्षक, पुलिस अधीक्षक ने 28 नव आरक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र
मध्य प्रदेश शासन द्वारा पुलिस विभाग में निरंतर की जा रही भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत सिंगरौली जिले को कुल 198 नव आरक्षक प्राप्त हुए हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 03 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में *पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. (भा.पु.से.) द्वारा 28 नव नियुक्त आरक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
वर्ष 2025 में आयोजित आरक्षक भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से चयनित अभ्यर्थियों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण एवं चरित्र सत्यापन कराया जा रहा है। अब तक जिले में चयनित अभ्यर्थियों के लिए कुल 50 नियुक्ति पत्र* जारी किए जा चुके हैं, जिनमें से 28 नव आरक्षकों द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उपस्थित होकर नियुक्ति पत्र प्राप्त किए गए। शेष नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कर कार्यभार ग्रहण कराया जा रहा है। चरित्र सत्यापन एवं अन्य औपचारिकताएं पूर्ण होने के साथ ही शेष चयनित अभ्यर्थियों को भी चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी नव आरक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था एवं समाज सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी नव आरक्षकों से पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि शेष अभ्यर्थियों के चरित्र सत्यापन प्रतिवेदन प्राप्त होते ही उन्हें भी नियमानुसार नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे सभी 198 चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र ही पुलिस विभाग में पदस्थापना प्रदान की जा सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, रक्षित निरीक्षक श्री केशव सिंह चौहान, सउनि (एम) श्रीनाथ पाण्डेय सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सिंगरौली पुलिस परिवार में शामिल हुए सभी नव आरक्षकों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल पुलिस सेवा की कामना की गई।