माय भारत जिला सलाहकार समिति की बैठक संपन्न, 15 से 29 वर्ष के सभी युवाओं का पोर्टल पर पंजीयन कराने के निर्देश
==============================================================
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित माय भारत की जिला सलाहकार समिति की बैठक गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में अपर कलेक्टर श्री धीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के समिति के सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के प्रारंभ में जिला युवा अधिकारी श्रीमती सुषमा मुकुंद गवली ने माय भारत की गतिविधियों, उद्देश्यों एवं युवाओं के लिए संचालित कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के सभी युवाओं का माय भारत पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराया जाए।
उन्होंने जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय शैक्षणिक संस्थानों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एवं गाइड, नर्सिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक, आईटीआई तथा अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि माय भारत के अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत यातायात पुलिस, जिला महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर युवाओं को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में युवा मंडलों एवं व्यक्तिगत युवाओं के पंजीयन की जिम्मेदारी अनुविभागीय अधिकारियों (राजस्व), तहसीलदारों एवं जनपद पंचायतों को सौंपी गई। अपर कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि माय भारत के वॉलंटियर्स के सहयोग से गांव-गांव में विशेष पंजीयन अभियान चलाकर अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ा जाए। बैठक में सभी विभागों को माय भारत की गतिविधियों एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए निर्देशित किया गया ताकि अधिकाधिक युवा इस पहल से जुड़कर इसका लाभ प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी श्रीमती सुषमा मुकुंद गवली, लेखा अधिकारी माय भारत छिंदवाड़ा श्री सी.आर.जंघेला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।