मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का भावपूर्ण वातावरण में हुआ समापन
मृगनयनी प्रदर्शनी में ओडीओपी उत्पाद रहे आकर्षण का केंद्र, शिल्पियों का हुआ सम्मान
============================================================
परासिया रोड स्थित पूजा लॉन में आयोजित मृगनयनी मध्यप्रदेश प्रदर्शनी-2026 का समापन गत दिवस भावपूर्ण वातावरण में हुआ। प्रदर्शनी के अंतिम दिन बड़ी संख्या में पहुंचे आगंतुकों ने हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन कुछ और दिनों तक चलना चाहिए था। निर्धारित समय-सीमा पूर्ण होने के कारण प्रदर्शनी का समापन किया गया, वहीं आयोजकों एवं शिल्पियों ने भविष्य में पुनः छिंदवाड़ा आने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनी में प्रदेश के "एक जिला एक उत्पाद" (ओडीओपी) के अंतर्गत विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें बैतूल की बेलमेटल कला, उज्जैन की बुटीक, सीहोर के खिलौने, भोपाल का जूट एवं ज़री शिल्प तथा चंदेरी की प्रसिद्ध साड़ियां विशेष रूप से पसंद की गईं। आगंतुकों ने इन उत्पादों की गुणवत्ता, पारंपरिक कला और स्थानीय पहचान की सराहना की। समापन अवसर पर प्रदर्शनी में सहभागिता करने वाले वरिष्ठ बुनकरों एवं शिल्पकारों का सम्मान किया गया। आयोजक विभाग द्वारा उन्हें स्मृति-चिन्ह एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर उनके योगदान की प्रशंसा की गई।
इस अवसर पर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिल्पकार, बुनकर तथा बड़ी संख्या में छिंदवाड़ा के नागरिक एवं आगंतुक उपस्थित थे। प्रदर्शनी ने प्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय हस्तशिल्प एवं हथकरघा उत्पादों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
184 views | Chhindwara, Madhya Pradesh | Jun 17, 2026