➡️ सांसद श्रीमती लता वानखेड़े एवं विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने जेल प्रशिक्षण केन्द्र में किया वृक्षारोपण
➡️ एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत अशोक का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सागर संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती लता वानखेड़े एवं सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने बुधवार को केंद्रीय जेल सागर पहुंचकर शासन के "एक पेड़ माँ के नाम" वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत जेल प्रशिक्षण केन्द्र परिसर में अशोक का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने जेल अधिकारियों, कर्मचारियों तथा प्रशिक्षण केन्द्र में प्रशिक्षणरत 91 प्रशिक्षु प्रहरियों के साथ वृक्षारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद एवं विधायक ने जेल प्रशिक्षण केन्द्र तथा वीर मधुकर शाह खुली जेल का अवलोकन किया। उन्होंने खुली जेल में रह रहे बंदियों से चर्चा कर उनके पुनर्वास के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा शासन की पुनर्वास व्यवस्था की सराहना की।
जेल अधीक्षक श्री रमेशचंद्र आर्य ने बताया कि शासन की पुनर्वास नीति के तहत आजीवन कारावास की सजा प्राप्त ऐसे बंदी, जिन्होंने 10 वर्ष अथवा उससे अधिक अवधि की सजा पूर्ण कर ली हो तथा जिनका आचरण संतोषजनक हो, उन्हें अंतिम रिहाई से पूर्व खुली जेल में परिवार सहित रहने एवं स्वयं की आजीविका संचालित करने का अवसर प्रदान किया जाता है। इससे वे समाज की मुख्यधारा में पुनः एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में स्थापित हो सकें। उन्होंने बताया कि इच्छुक बंदियों का चयन जेल मुख्यालय स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाता है तथा पात्रता पूरी होने पर प्रदेश की विभिन्न जेलों से खुली जेल में आवास उपलब्ध कराया जाता है। खुली जेल में रह रहे बंदी दिन में रोजगार संबंधी कार्य कर सकते हैं तथा शाम को अपने आवास पर लौटकर जेल अधिकारियों को उपस्थिति दर्ज कराते हैं। उनकी निगरानी के लिए जेल स्टाफ की नियमित व्यवस्था रहती है।
कार्यक्रम में जेल अधीक्षक श्री रमेशचंद्र आर्य, उप जेल अधीक्षक श्री मनोज मिश्रा, सहायक जेल अधीक्षक श्रीमती गीता राठौड़, श्री पंकज कुशवाहा, श्री सौरभ सिंह, प्रशिक्षण प्रभारी एवं सहायक जेल अधीक्षक श्री अमित रघुवंशी सहित जेल अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रशिक्षु प्रहरी उपस्थित रहे।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh #JansamparkMP #sagar