देवास। शहर के एमजी अस्पताल में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के नशे में धुत मरीज के साथ आए लोगों ने डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ, सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट कर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे पीरू नामक एक बुजुर्ग मरीज को इलाज के लिए एमजी अस्पताल लाया गया। मरीज शराब के नशे में था और उसके साथ आए दो पुरुष तथा बाद में पहुंची एक महिला भी नशे की हालत में थे।
मेडिकल ऑफिसर डॉ. शितिज वर्मा ने बताया कि मरीज को गंभीर स्थिति को देखते हुए बिना ओपीडी पर्ची के ही इमरजेंसी उपचार दिया गया। प्राथमिक उपचार के बावजूद अटेंडर्स ने डॉक्टरों और अस्पताल स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान अस्पताल के सुरक्षा गार्ड और मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई की गई।
डॉ. वर्मा ने कहा कि एमजी अस्पताल में अक्सर नशे की हालत में मरीजों का उपचार किया जाता है, लेकिन डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ हिंसा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि मामले की लिखित शिकायत आरएमओ और सीएमएचओ को दी जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की आवश्यकता भी जताई गई।
वहीं, पुलिस के अनुसार कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल अस्पताल पहुंची। जांच में सामने आया कि इलाज के लिए लाए गए मरीज सहित उसके साथ आए लोग शराब के नशे में थे। अटेंडर्स ने अस्पताल में शांति भंग करते हुए डॉक्टरों और स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार किया। डॉक्टरों की शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद अस्पताल में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने और अस्पतालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग उठाई है।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewas