छात्राओं को दी वित्तीय साक्षरता एवं साइबर सुरक्षा की जानकारी
---
शासकीय उच्चतर कन्या विद्यालय, बल्देवगढ़ में शनिवार को वित्तीय साक्षरता एवं साइबर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में छात्राओं ने सहभागिता कर बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
शिविर में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री कैलाश नारायण आर्य ने छात्राओं को वित्तीय साक्षरता का महत्व बताते हुए नियमित बचत, सुरक्षित बैंकिंग तथा डिजिटल भुगतान के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर धोखाधड़ी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में सभी नागरिकों को सतर्क एवं जागरूक रहना आवश्यक है।
उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध लिंक, फोन कॉल अथवा संदेश पर विश्वास करने से बचें। उन्होंने बताया कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का सामना करना पड़े तो तत्काल संबंधित बैंक से संपर्क करें तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
शिविर में वित्तीय साक्षरता केंद्र के श्री नसीम सिद्दीकी, विद्यालय के शिक्षक श्री हरगोविंद यादव, सीएफएल बल्देवगढ़ के श्री नरेंद्र यादव, श्री पूरन लाल यादव, श्री बृजेन्द्र सिंह यादव एवं ऑपरेटर श्री देवेन्द्र विश्वकर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने साइबर सुरक्षा एवं बैंकिंग सेवाओं से जुड़े विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh