बाबा हरिगिरि धाम में कांवरियों पर दारोगा ने बरसाए डंडे, वीडियो वायरल होते ही SP ने किया सस्पेंड।
बिहार के बेगूसराय में पुलिस का अमानवीय चेहरा एक बार फिर सामने आया है। सावन की तीसरी सोमवारी पर जब हजारों कांवरिया श्रद्धालु बाबा भोले को जल चढ़ाने के लिए लाइन में लगे थे, तभी एक दारोगा ने बेवजह उन पर लाठियां बरसा दीं। घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बेगूसराय SP मनीष ने आरोपी सब इंस्पेक्टर किशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
*लाइन में लगे कांवरियों की बेवजह पिटाई*
घटना बेगूसराय जिले के गढ़पुरा प्रखंड स्थित बाबा हरिगिरि धाम की है। सावन की तीसरी सोमवारी के मौके पर बाबा को जल चढ़ाने के लिए हजारों कांवरिया सड़क किनारे लंबी कतार में अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान गढ़पुरा थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर किशन कुमार ने बिना किसी कारण के कई कांवरियों पर डंडे से पिटाई शुरू कर दी।
दारोगा द्वारा कांवरियों को पीटे जाने की इस पूरी घटना को किसी श्रद्धालु ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कतार में शांत खड़े श्रद्धालुओं पर पुलिस अधिकारी डंडा बरसा रहे हैं।
*SP ने लिया संज्ञान, DSP को सौंपी जांच*
वीडियो वायरल होने के बाद बेगूसराय एसपी ने मामले में त्वरित संज्ञान लिया। आरोपी SI किशन कुमार को निलंबित करने के साथ ही बखरी DSP को पूरे मामले की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। एसपी ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी दारोगा पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में मुख्यालय DSP निखिल कुमार ने बताया कि सोमवारी के दिन श्रद्धालुओं के साथ सब इंस्पेक्टर द्वारा किया गया अमानवीय व्यवहार बेहद निंदनीय है। वीडियो के संज्ञान में आते ही SI को सस्पेंड कर दिया गया है।
अब बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि जब कांवरिया श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से कतार में लगे थे, तो एक दारोगा ने आखिर क्यों उन पर बेवजह लाठियां बरसाईं?
#Bharatcrimelivenews #बेगुसराय #गढ़पुरा #कांवरिया
#क्राइम #अपराध