पहली ही बारिश बनी आफत!! नारायणबगड़ में भारी मलबा सड़कों और दुकानों में घुसा, कई वाहन क्षतिग्रस्त!!
जनपद चमोली के विकासखंड नारायणबगड़ क्षेत्र में बीती देर रात हुई अतिवृष्टि ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश के कारण भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़कों पर आ गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। मलबे के तेज बहाव से कई दुकानों में गाद और पत्थर भर गए, जबकि कई वाहन इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। प्रशासन की निगरानी में जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़कों से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, ताकि यातायात को जल्द से जल्द सुचारु किया जा सके।
प्रशासन द्वारा प्रभावित दुकानों एवं अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का आंकलन भी किया जा रहा है। बारिश के पहले ही दौर में हुई इस घटना ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा सतर्कता बरतें। साथ ही प्रभावित क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।