*विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के लिए समस्या निवारण शिविर आयोजित*
---
*विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित प्रकरणों के निराकरण के लिए प्राप्त किए गए आवेदन**
इंदौर, 08 अक्टूबर 2026
विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के सदस्यों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज बनवाने में आने वाली कठिनाइयों के निराकरण के उद्देश्य से विभागीय निर्देशानुसार गुरूवार को श्री वैष्णव इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड साइंस, स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, सेक्टर-बी, गुमास्ता नगर, स्कीम नंबर-71, इंदौर में समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु समुदाय के अनेक सदस्य अपनी पारंपरिक व्यावसायिक गतिविधियों के कारण समय-समय पर अपने मूल निवास स्थान से अन्य स्थानों पर प्रवास करते हैं। इसके कारण उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ विभिन्न प्रमाण-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में स्वरोजगार योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, विमुक्त-घुमंतु जाति प्रमाण-पत्र, आधार पहचान-पत्र, फेरी प्रमाण-पत्र, राशन कार्ड, पात्रता पर्ची, वृद्धावस्था एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पेयजल, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा सहित शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए आवेदन प्राप्त किए गए।
शिविर में विमुक्त, घुमंतु एवं अर्द्धघुमंतु कल्याण विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, लोकसेवा केन्द्र, ई-गवर्नेंस विभाग, जन अभियान परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा हितग्राहियों को संबंधित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्रदान करते हुए उनके आवेदन प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर परिचर्चा का आयोजन भी किया गया। परिचर्चा में समुदाय के सदस्यों के साथ-साथ महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों से अवगत कराया। सहायक संचालक श्री अनिल सोनी ने विभागीय योजनाओं एवं उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र संयोजक श्री विजय जायसवाल ने आभार व्यक्त किया। शिविर में बड़ी संख्या में समुदाय के हितग्राही, समाजसेवी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #विमुक्तघुमंतु #जनसेवा
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh