बनगांव दक्षिणी में नौवां पोषण मेला आयोजित, बच्चों व ग्रामीणों की हुई स्वास्थ्य जांच
बाजपट्टी. सोमवार को बनगांव दक्षिणी पंचायत भवन में आईसीडीएस एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत नौवां पोषण मेला आयोजित किया गया. इस दौरान स्वास्थ्य कैंप लगाया गया, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों और ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरत के अनुसार दवा दी गई.
कार्यक्रम में पंचायत स्तर पर बच्चों के लिए सामूहिक बाल भोज का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत गणमान्य अतिथियों ने फीता काटकर की. सीडीपीओ ने पोषण अभियान के महत्व के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में लोगों को जानकारी दी.
इस अवसर पर पंचायत के मुखिया की ओर से सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं को शॉल, प्रशस्ति पत्र, डायरी और कलम देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में सभी महिला पर्यवेक्षिका एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं.