#भरतपुर। नदबई नगर पालिका चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एरिया मजिस्ट्रेट मुनिदेव यादव ने नदबई पहुंचकर ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, निगरानी और प्रवेश व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने क्रिटिकल और संवेदनशील मतदान केंद्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाएं परखीं और विशेष सतर्कता बरतने को कहा। एरिया मजिस्ट्रेट ने केंद्रों पर पेयजल, बिजली, छाया और दिव्यांगों के लिए रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। बाद में रिटर्निंग अधिकारी सचिन यादव, तहसीलदार मदन सिंह, अधिशाषी अधिकारी पवन गुप्ता और सेक्टर मजिस्ट्रेट तरुण कुमार सहित ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर चुनाव तैयारियों और जिम्मेदारियों की समीक्षा की।