जन विश्वास अभियान अंतर्गत ग्राम सढ़ा और अड़ोखर में पहुंचे नवागत कलेक्टर
स्कूल, आंगनवाड़ी और राशन दुकान का निरीक्षण कर ली जानकारी
ग्रामवासियों से किया संवाद, जानी समस्याएं
जन विश्वास अभियान के तहत नवागत कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन ने शुक्रवार को विकासखंड मेहगांव के ग्राम सढ़ा और अड़ोखर का भ्रमण किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा शासकीय संस्थाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान शिक्षा, पोषण, राशन वितरण, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्कूलों में शिक्षण की जांच
कलेक्टर ने ग्राम सढ़ा स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों व शिक्षकों की उपस्थिति, दर्ज संख्या तथा मध्याह्न भोजन की मीनू अनुसार व्यवस्था की जानकारी ली।
बच्चों से संवाद कर उनका शैक्षणिक स्तर जाना गया।
कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि वे पढ़-लिखकर क्या बनना चाहते हैं और शिक्षकों को बेहतर शिक्षा देने के निर्देश दिए। रसोई में तैयार मध्याह्न भोजन का अवलोकन कर उसकी गुणवत्ता भी देखी।
आंगनवाड़ी और राशन दुकान का निरीक्षण
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र मोहर सिंह का पुरा (सढ़ा) में दर्ज बच्चों की संख्या, उपस्थिति तथा बच्चों को दिए जाने वाले पौष्टिक आहार की जानकारी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका से ली। उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
शासकीय उचित मूल्य की दुकान में हितग्राहियों की संख्या और वितरित हो रहे राशन की गुणवत्ता की जांच की। कलेक्टर ने सीईओ जनपद मेहगांव तथा ग्राम पंचायत सचिव को स्कूल व आंगनवाड़ी केंद्र के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
आरोग्य केंद्र में सुविधाओं का जायजा
ग्राम अड़ोखर में कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली।
केंद्र संचालक को ग्राम पंचायत सचिव से समन्वय स्थापित कर आरोग्य केंद्र के आसपास साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, पोषण, राशन, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री सूरज कुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री राजन बी नाडिया, एसडीएम मेहगांव श्री नवनीत शर्मा, सीईओ जनपद मेहगांव श्री राजीव मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#भिण्ड
#Bhind
Gormi, Bhind | Oct 16, 2026