सुराली पंचायत में पूर्व सरपंच के कार्यकाल में करोड़ों रुपये के कथित भ्रष्टाचार के मामले सामने आने के बाद ग्रामीणों ने विकास कार्यों की जांच की मांग को लेकर बीडीओ रामसर विक्रम जांगिड़ को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने पिछले सात वर्षों में हुए स्वीकृत कार्यों की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की।
इस पर बीडीओ ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पिछले सात सालों में स्वीकृत सभी कार्य आगामी 15 दिनों में पूर्ण करवा दिए जाएंगे। जबकि ग्रामीणों की मांग कार्य पूर्ण करवाने की नहीं, बल्कि पूर्व में हुए कार्यों की जांच और अनियमितताओं पर कार्रवाई की थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि जांच और कार्रवाई करने के बजाय बीडीओ ने 15 दिन में कार्य पूर्ण करवाने का आश्वासन देकर मामले को टालने का प्रयास किया है। ऐसे में बीडीओ की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। कुछ महीने पहले इसी पंचायत में मनरेगा के तहत लाखों रुपये के कथित फर्जी भुगतान का मामला भी सामने आया था, जिसमें बीडीओ की मिलीभगत के आरोप लगे थे।
वहीं, पंचायत के कई कार्यों में एईएन जुगता राम की भूमिका पर भी सवाल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मौके पर कार्य नहीं होने के बावजूद पूर्णता प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।
अब सवाल यह है कि सुराली पंचायत के ग्रामीणों की शिकायत पर निष्पक्ष जांच कौन करेगा और कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी?
MADAN DILAWAR
Barmer, Barmer | Nov 13, 2026