पीएम स्वनिधि योजना के अन्तर्गत पालिका परिसर में लगा लोक कल्याण मेला*
उत्कृष्ट कार्य करने वाले लाभार्थी हुये सम्मानित
पीएम स्वनिधि योजना की धनराशि में सरकार करे वृद्धि-अरशद जमाल
मऊनाथ भंजन। आज पालिका प्रांगण में शासन की मंशा के अनूरूप पीएम स्वनिधि के 6 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर पालिका द्वारा पीएम स्वनिधि योजनांतर्गत भव्य ‘‘लोक कल्याण मेला’’ का आयोजन किया गया।
उक्त मेले में पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल, पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक शोएब अहमद, शाखा प्रबन्धक अविनाश प्रताप सिंह एवं वरिष्ठ प्रबंधक मण्डल कार्यालय गौरव कुमार, डूडा से मोहम्मद रिजवान के हाथों लाभार्थियों को ऋण वितरण हेतु डमी चेक दिया गया। इसी के साथ उन उत्कृष्ट कार्य करने एवं रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को प्रशस्ती पत्र देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने ऋण प्राप्त कर लौटाने में सभी नियमों एवं शर्ताें का भली-भांति पालन करते हुये अपने व्यवसाय का विस्तार किया है।
लोक कल्याण मेले में मुख्य अतिथि के रूप में लोगों को सम्बोधित करते हुये पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी व फुटपाथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है जिस पर व्याज सब्सिडी है। उन्होंने बताया कि ठेले व रेहड़ी तथा छोटे-छोटे कारोबार करने वालों के लिये 50 हजार रूपये का बड़ा महत्व है। यह ऐसी योजना है जिसके माध्यम से यदि किसी ने 15 हजार रूपये का ऋण लेकर ससमय जमा कर दिया तो उसे अगली किश्त 25 हजार रूपये की मिल जायेगी और उसे भी ससमय जमा कर दिया तो उसे अगला ऋण 50 हजार रूपय का प्राप्त होगा। परन्तु यदि किसी ने समय से रूपये भुगतान नहीं किया तो उसका एकाउण्ट एनपीए हो जायेगा जिसके कारण वह अगली किश्त प्राप्त नहीं कर पायेगा।
अध्यक्ष जी ने सरकार से मांग करते हुये कहा कि पीएम स्वनिधि योजना बहुत अच्छी है परन्तु आज की मंगहाई के दौर में 50 हजार का कोई खास महत्व नहीं रह गया है। इस लिये 15 हजार रूपये वाली रकम को 25 हजार, 25 हजार रूपये वाली रकम को 50 हजार और 50 हजार रूपये वाली रकम को एक लाख कर दिया जाना चाहिये ताकि लाभाकर्थियों को व्यापार सम्बन्धी संसाधनों की खरीदारी में आसानी हो सके। उन्होंने नौजवानों से अपील करते हुये कहा कि यह बहुत अच्छा मौका है आप अपने छोटे कारोबार को उन्नत बनाने के लिये पीएम स्वनिधि योजना का लाभ उठायें।
पंजाब नेशनल बैंक के वरिष्ठ प्रबंधक शोएब अहमद एवं शाखा प्रबन्धक अविनाश प्रताप सिंह ने लोगों को सम्बोधित करते हुये कहा कि सरकार अपनी सभी योजनाओं को अपने नागरिकोें के हितों एवं उन्नति को मद्देनजर रख कर संचालित करती है। आवश्यकता इस बात की है कि उन योजनाओं से लाभ की प्राप्ति के लिये हम और आप कितने जागरूक हैं। सरकार की सभी योजनाओं का लाभ लेना चाहिये। उन्होंने एनपीए (नॉन-परफॉर्मिंग एसेट) के संदर्भ में बताते हुये कहा कि यदि ग्राहक 90 दिनों तक बैंक का बकाया रूपया जमा नहीं करता तो उपभोकक्ता का खाता एनपीए हो जाता है।
डूडा के प्रबंधक मोहम्मद रिजवान ने बताया कि निसंदेह पीएम स्वनिधि योजना से छोटे व्यापारियों को आर्थिक मजबूती मिल रही है तथा उन्हें अपने व्यवसाय का विस्तार करने हेतु समय पर आसानी से ऋण मिल रहा है जिसके लिये इच्छुक लाभार्थियों को प्रेरित किया जा रहा है।
अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी ने लोक कल्याण मेला में ‘आत्मनिर्भर वेंडर्स, सशक्त अर्थव्यवस्था’ के नारे के साथ अत्मनिर्भरता का संदेश देते हुये कहा कि देश के छोटे व्यवसाई ही हमारे समाज की रीढ़ हैं। नगर पालिका प्रशासन हमारे इन कर्मठ भाई-बहनों के विकास और प्रगति के लिये हमेशा प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेहड़ी विक्रेता, छोटे व्यापारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे। संचालन राजेश श्रीवास्तव ने किया।