बदहाल सड़कों ने रोकी तीर्थन घाटी के पर्यटन कारोबार की रफ्तार।
एसडीएम बंजार के समक्ष तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन ने उठाए बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे।
कारोबारियों ने प्रशासन से मांगा ठोस समाधान, दस दिन बाद गुशैनी में होगी विभागीय समन्वय बैठक।
Kullu Times
जिला कुल्लू उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी में पर्यटन कारोबार की लगातार बिगड़ती स्थिति और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर आज तीर्थन घाटी के पर्यटन कारोबारियों ने उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा से उनके कार्यालय में बैठक की। बैठक में मुख्य रूप से घाटी की बदहाल मुख्य सड़क एवं संपर्क मार्गों की समस्या को उठाया गया।
प्रतिनिधियों ने कहा कि पिछले चार वर्षों से तीर्थन घाटी के पर्यटन क्षेत्र की ओर पर्याप्त ध्यान न दिए जाने और सड़कों की खराब हालत का सीधा असर पर्यटन कारोबार पर पड़ रहा है। स्थिति यह है कि दिवाली जैसे त्योहार की छुट्टियों के दौरान भी घाटी में पर्यटकों की संख्या काफी कम दिखाई दे रही है। इसका असर होमस्टे संचालकों, होटल व्यवसायियों, टैक्सी ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों, ट्रेकिंग गाइडों और पर्यटन से जुड़े सैकड़ों परिवारों की आजीविका पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अच्छी सड़कें, बेहतर मोबाइल नेटवर्क, नियमित बिजली-पानी की आपूर्ति और सुलभ शौचालय जैसी आधारभूत सुविधाएं बेहद जरूरी हैं। यदि इन सुविधाओं में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में पर्यटन कारोबार और स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता ने भी सड़क की वर्तमान स्थिति और विभागीय पक्ष की जानकारी दी। इसके अलावा नए भवनों के निर्माण, टीसीपी नियमों, बिजली पानी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मत्स्य विभाग तथा तीर्थन घाटी के पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।
उपमंडल अधिकारी बंजार पंकज शर्मा ने सुझाव दिया कि घाटी के स्थानीय लोगों और पर्यटन कारोबारियों को एकजुट होकर एक सक्रिय संयुक्त स्थानीय समिति गठित करनी चाहिए, जो प्रशासन और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास करे। उन्होंने सभी समस्याओं और उनके व्यावहारिक सुझावों को लिखित रूप में प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने आश्वासन दिया कि लगभग दस दिन बाद तीर्थन घाटी के गुशैनी में एक विस्तृत समन्वय बैठक आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें लोक निर्माण विभाग, टीसीपी, विद्युत विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, मत्स्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में तीर्थन संरक्षण एवं पर्यटन विकास एसोसिएशन के अध्यक्ष वरुण भारती, सदस्य राजेंद्र ठाकुर, महेंद्र विष्ट, अजय कुमार, क्रिस्टोफर मित्रा और पंकी सूद आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Kullu, Kullu | Nov 7, 2026