UPTET परीक्षा 2026 को लेकर डीएम-एसपी ने की बैठक, नकलविहीन परीक्षा कराने के दिए निर्देश
मीरजापुर। UPTET परीक्षा-2026 को सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने पुलिस लाइन स्थित माँ विंध्यवासिनी सभागार में बैठक की।
बैठक में जनपदीय पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक, परीक्षा केंद्र प्रभारी, कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया गया कि उत्तर प्रदेश सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित UPTET परीक्षा 02 व 03 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 04 जुलाई को एक पाली में होगी। जनपद के 18 परीक्षा केंद्रों पर कुल 36,960 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
डीएम-एसपी ने निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचितापूर्ण तरीके से कराई जाए। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए और परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।