साइबर अपराध से बचाव को लेकर जे.एस.जी.एस. पब्लिक स्कूल में आयोजित हुई जागरुकता कार्यशाला
मीरजापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना मीरजापुर द्वारा बुधवार को “मासिक साइबर जागरुकता कार्यक्रम” के तहत जे.एस.जी.एस. पब्लिक स्कूल, तिसही (थाना मड़िहान) में साइबर जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में विद्यालय के प्रबंधक अरुण तिवारी, प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश सिंह पटेल, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। साइबर क्राइम थाना की टीम ने छात्रों को साइबर अपराध के प्रकार, उनसे बचाव के उपाय, डिजिटल गिरफ्तारी, क्रिप्टो करेंसी, ऑनलाइन खरीदारी, गेमिंग एप, टेलीग्राम के माध्यम से होने वाली ठगी, UPI, वॉलेट और इंटरनेट बैंकिंग से जुड़े अपराधों के बारे में जानकारी दी।
छात्रों को बताया गया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। टीम ने साइबर अपराध से बचाव के लिए क्या करें और क्या न करें से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए।
कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक राम नरायन सरोज, उपनिरीक्षक जयप्रकाश शर्मा, आरक्षी आशुतोष उपाध्याय सहित साइबर क्राइम थाना एवं साइबर हेल्प डेस्क मड़िहान की टीम मौजूद रही।