विद्यालय में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत असमिया लोकनृत्य का आयोजन
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। पीएम श्री वीर माता माणिक कंवर राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, शाहपुरा में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत असम राज्य की संस्कृति एवं परंपराओं से विद्यार्थियों को परिचित करवाने के उद्देश्य से असमिया लोकनृत्य का आयोजन किया गया। कक्षा 6 वी कक्षा 7 की बालिकाओं ने असमिया लोक नृत्य की बहुत ही सुंदर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में छात्राओं ने असम की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा, संगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। इस अवसर पर असम राज्य की सभ्यता, संस्कृति, भाषा, खान-पान एवं रीति-रिवाजों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता के प्रति सम्मान तथा विभिन्न राज्यों की परंपराओं को समझने की भावना विकसित करना था। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि भारत विभिन्न भाषाओं, वेशभूषाओं और संस्कृतियों वाला देश होते हुए भी एकता के सूत्र में बंधा हुआ है। इस प्रकार ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम ने छात्राओं में देश की विविध सांस्कृतिक विरासत के प्रति रुचि एवं गौरव की भावना को प्रोत्साहित किया।
पीएम श्री विद्यालय की इस पहल से छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ भारतीय लोककला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जानने का अवसर मिला। प्रस्तुति देने वाली समस्त छात्रों को मोमेंटो देकर प्राचार्य सुरेंद्र सिंह बारेठ ने सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रभारी इंदिरा जैन ने किया। कार्यक्रम में तबस्सुम खान, शकुंतला छीपी माया कोहली राधिका शर्मा एवं कक्षा 9 से 12 की छात्राएं उपस्थित रही।