ग्राम विकास अधिकारी को बंधक बनाने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, डीह पुलिस ने भेजा जेल
रायबरेली जिले के डीह थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरुआ में खुली बैठक के दौरान ग्राम विकास अधिकारी (ग्राम पंचायत अधिकारी) को बंधक बनाने और अभद्रता करने के मामले में डीह पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को पंचायत भवन बरुआ में ग्राम विकास अधिकारी अजय कुमार बैठक कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने राशन कार्ड संबंधी विवाद को लेकर उनके साथ गाली-गलौज की, बंधक बनाकर रखा तथा जान से मारने की धमकी दी। मामले में अजय कुमार की तहरीर पर डीह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। डीह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार, पवन, रीषु तथा वीरेंद्र कुमार शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है जल्द ही उन्हें भी हिरासत मे लिया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुभाष कुमार यादव, आरक्षी नक्कुल कुमार एवं आरक्षी कपिल शामिल रहे।