केदारनाथ धाम में बर्फबारी से बढ़ी ठिठुरन, 17.84 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन,,
11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होंगे कपाट, प्रशासन ने श्रद्धालुओं से गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखने की अपील की,,
विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में बुधवार दोपहर बाद हुई बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। बर्फबारी के बीच धाम पहुंचे देश-विदेश के श्रद्धालुओं ने जहां बर्फ की सफेद चादर से ढकी वादियों का आनंद लिया, वहीं शाम होते-होते तापमान में गिरावट के कारण ठिठुरन भी बढ़ गई। मौसम में आए बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से एहतियात बरतने और पूरी तैयारी के साथ यात्रा करने की अपील की है।
बर्फबारी और गिरते तापमान के बावजूद श्री केदारनाथ धाम की यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो रही है। इस वर्ष अब तक 17,84,660 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। धाम के कपाट आगामी 11 नवंबर 2026 को शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। कपाट बंद होने की तिथि नजदीक आने के साथ ही यात्रा अंतिम चरण में पहुंच गई है, लेकिन श्रद्धालुओं की आवाजाही लगातार जारी है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि बीते एक सप्ताह से मौसम अनुकूल रहने के कारण यात्रा व्यवस्थाएं सामान्य बनी हुई हैं। हेली सेवाओं का संचालन भी सुचारू रूप से किया जा रहा है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि यात्रा के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि वे सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा के दर्शन कर सकें।