नवंबर के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित राष्ट्रपति का केदारनाथ धाम दौरा, प्रशासन ने तेज की तैयारियां!!
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा, सुगमता और व्यवस्थाओं को लेकर की चर्चा!!
राष्ट्रपति के भ्रमण के साथ श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने पर भी रहेगा विशेष जोर!!
रुद्रप्रयाग। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का केदारनाथ धाम भ्रमण नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित है। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने केदारनाथ धाम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यात्रा को सुगम बनाए रखने से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दिया।
इस संबंध में बुधवार को जिला कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने तथा भ्रमण को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को दर्शन और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा न हो। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए सुगम, सुरक्षित और बेहतर यात्रा व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
जिला प्रशासन द्वारा प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति का भ्रमण कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो और बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा भी सुचारू बनी रहे।