*सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन को लेकर जिला पदाधिकारी ने की समीक्षा बैठक*
आज दिनांक 10 जून, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद *श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में “सबका सम्मान-जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं अनुपालन प्रतिवेदनों की विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई।*
*समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा शिक्षा विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग, परिवहन विभाग, राजस्व विभाग, श्रम संसाधन विभाग, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन मात्र औपचारिकता के रूप में नहीं किया जाए, बल्कि संबंधित आवेदक के मामले का स्थल सत्यापन (Field Verification) कर उसकी वास्तविक स्थिति का आकलन किया जाए जैसे कि यदि किसी आवेदक ने किसी सरकारी योजना के लाभ के लिए आवेदन करता है तो उसकी पात्रता अथवा अपात्रता की समुचित जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।*
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराना है। इसलिए प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि निष्पादन गुणवत्तापूर्ण हो तथा आवेदक को उसकी समस्या के समाधान का वास्तविक लाभ प्राप्त हो।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से उन मामलों में जो विभिन्न विभागीय पोर्टलों से जुड़े हुए हैं तथा जिनमें वर्तमान में तकनीकी कारणों अथवा पोर्टल बंद रहने के कारण कार्रवाई लंबित है, ऐसे मामलों में निर्देश दिया कि श्रम संसाधन विभाग, पशुपालन विभाग, आपूर्ति विभाग अथवा अन्य विभागों से संबंधित ऐसे आवेदन, जिनमें विभागीय पोर्टल बंद रहने के कारण तत्काल कार्रवाई संभव नहीं है, उनमें संबंधित पदाधिकारी पहले आवेदक की पात्रता अथवा अपात्रता की जांच कर उसकी सूचना आवेदक को उपलब्ध कराएं। साथ ही पोर्टल पुनः संचालित होने पर संबंधित विभाग द्वारा अग्रेतर कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए।
*जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन के निष्पादन की सूचना संबंधित आवेदक तक अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि आवेदन का निष्पादन कर देने मात्र से विभाग की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती है। आवेदक को उसकी समस्या के संबंध में की गई कार्रवाई एवं निष्पादन की जानकारी दूरभाष, संदेश अथवा अन्य उपलब्ध माध्यमों से उपलब्ध कराना आवश्यक है। यदि किसी स्तर पर आवेदक को निष्पादन की सूचना उपलब्ध नहीं कराई जाती है अथवा बिना समुचित जांच के आवेदन का निष्पादन किया जाता है तो संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।*
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में नाला सफाई, जलजमाव की समस्या तथा पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आमजन को जलजमाव एवं पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय स्थापित कर तत्काल कार्रवाई करें।
*बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी सहयोग शिविर प्रभारियों एवं प्रखंड वरीय प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे सहयोग शिविरों तथा सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की गुणवत्ता की नियमित जांच करें जिससे कि यह सुनिश्चित हो कि आवेदन का निष्पादन गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं आवेदक की समस्या के वास्तविक समाधान पर आधारित किया गया है।*
जिला पदाधिकारी ने अंत में निर्देश दिया कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की भी नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर शासन और जनता के बीच संवाद एवं समाधान का प्रभावी माध्यम है तथा इसके उद्देश्यों की पूर्ति हेतु सभी विभाग पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें।
बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारीगण, विभागीय पदाधिकारी भौतिक रूप से तथा सभी प्रखंड/अंचल स्तरीय पदाधिकारीगण वीसी के माध्यम से उपस्थित थे।
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
#सबका_सम्मान_जीवन_आसान
#सहयोग_शिविर
#SabkaSammanJeevanAasaan
#SahyogShivir #JanSamvad #BiharGovernment
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
1 views | Jehanabad, Bihar | Jun 10, 2026