*माननीय मुख्यमंत्री ने दी मई माह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन की सौगात*
*जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए पेंशनधारी, छूटे हुए लाभुक 7 दिनों के अंदर कराएं ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण : जिला पदाधिकारी*
आज दिनांक 10 जून, 2026 को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी के कर-कमलों द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत मई माह, 2026 की पेंशन राशि लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से अंतरित की गई। समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से राज्य के सभी जिलों के पेंशनधारियों को पेंशन की राशि हस्तांतरित की गई।
जहानाबाद जिला में जिला स्तर पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स सभागार में किया गया। जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के पेंशनधारी शामिल हुए तथा डीबीटी के माध्यम से पेंशन अंतरण कार्यक्रम के साक्षी बने।
इस अवसर पर *जिला पदाधिकारी ने उपस्थित पेंशनधारियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार सामाजिक सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने हेतु विभिन्न पेंशन योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है।जिले में वर्तमान में 1 लाख 52 हजार से अधिक पेंशनधारी विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से आच्छादित हैं। इनमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लगभग 31 हजार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के लगभग 5,200, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांगता पेंशन योजना के 270, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के लगभग 80 हजार, राज्य लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लगभग 18 हजार तथा बिहार राज्य दिव्यांग पेंशन योजना के लगभग 18 हजार लाभुक शामिल हैं।*
जिला पदाधिकारी ने बताया कि *दिनांक 11 जुलाई, 2025 को माननीय मुख्यमंत्री द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए पेंशन राशि को ₹400 प्रतिमाह से बढ़ाकर ₹1100 प्रतिमाह कर दिया गया था, जिसका लाभ आज भी लाखों पेंशनधारियों को नियमित रूप से प्राप्त हो रहा है।*
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने पेंशनधारियों की समस्याओं को भी सुना तथा मौके पर ही पांच पेंशनधारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उनके पेंशन अभिलेखों को अद्यतन कराया। उपस्थित पेंशनधारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिला प्रशासन एवं बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला पदाधिकारी ने *ऐसे सभी पेंशनधारियों से अपील की जो अब तक ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण नहीं करा सके हैं कि वे आगामी सात दिनों के भीतर अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन जीवन प्रमाणीकरण कराएं।* उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 23 हजार पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण अब तक लंबित है। जिन लाभुकों द्वारा जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराया गया है, उनकी पेंशन भुगतान प्रक्रिया बाधित है तथा जीवन प्रमाणीकरण पूर्ण होने के उपरांत ही उन्हें पेंशन की राशि प्राप्त हो सकेगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, कार्यपालक सहायकों, विकास मित्रों, पंचायत सचिवों एवं संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि वे जीवन प्रमाणीकरण से वंचित लाभुकों की पहचान कर उन्हें जागरूक करें तथा निर्धारित अवधि के भीतर अधिकतम लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण सुनिश्चित कराएं।
उक्त कार्यक्रम में संयुक्त सचिव सह अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) श्री तेज नारायण राय, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री विनय कुमार सिंह, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में पेंशनधारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जहानाबाद श्रीमती पूनम कुमारी द्वारा किया गया।
#सबका_सम्मान_जीवन_आसान
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar