जिला उपायुक्त श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार स्थित उपायुक्त प्रकोष्ठ में भूमि संरक्षण, जल छाजन एवं रूबन मिशन अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति, कार्यों की गुणवत्ता तथा लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल देते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भूमि संरक्षण एवं जल छाजन से संबंधित योजनाएं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जल संचयन तथा कृषि उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन योजनाओं का लाभ अधिकाधिक ग्रामीणों तक सुनिश्चित किया जाए।
रूबन मिशन के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण एवं समग्र विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों एवं उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ लक्षित लाभुकों तक पहुंचाने तथा प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।