ड्रग इंस्पेक्टर के द्वारा सदर चाईबासा क्षेत्र स्थित एक थोक एवं एक खुदरा दवा दुकान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य मादक पदार्थों के दुरुपयोग में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था एवं अभिलेखों की जांच करना था।
निरीक्षण के दौरान दोनों दुकानों में न्यूरोलॉजिकल विकार से संबंधित दवाएं पाई गईं। खरीद-बिक्री एवं स्टॉक बैलेंस के अभिलेखों की जांच की गई, जो सही पाए गए। दोनों दुकानों में कोडीन युक्त कफ सिरप नहीं पाए गए। साथ ही, दवा एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप दवाओं के भंडारण की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।
निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता जांच के लिए दवाओं के नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण हेतु सरकारी विश्लेषक के पास भेजा जाएगा।
जांच के क्रम में एक दुकान में सीसीटीवी कैमरा स्थापित पाया गया, जबकि दूसरी दुकान में सीसीटीवी नहीं होने पर उसे शीघ्र कैमरा लगाने का निर्देश दिया गया। इसी प्रकार दोनों दुकानों में अग्निशामक यंत्र उपलब्ध नहीं पाए गए, जिस पर आपातकालीन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल अग्निशामक यंत्र लगाने का निर्देश दिया गया।
दवा विक्रेताओं को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता संबंधी पोस्टर प्रदर्शित करने, केवल वैध चिकित्सकीय पर्ची के आधार पर ही दवाओं की बिक्री सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों अथवा निकटतम पुलिस थाना को देने का सख्त निर्देश दिया गया।