घाट बैरियर पर पुलिस का बड़ा एक्शन! 40.78 ग्राम स्मैक के साथ महिला समेत दो गिरफ्तार, कार भी सीज—सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस।
पिथौरागढ़। युवाओं को नशे के जाल से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पिथौरागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी और कोतवाली पिथौरागढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने 40.78 ग्राम अवैध हेरोइन (स्मैक) के साथ एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक एसओजी नीरज भाकुनी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में एसओजी एवं चौकी घाट पुलिस की संयुक्त टीम घाट बैरियर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी दौरान एक कार सवार पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध रूप से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोककर तलाशी ली। कार में एक युवक और एक महिला सवार मिले। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से 40.78 ग्राम स्मैक बरामद होने का पुलिस ने दावा किया।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और तस्करी में प्रयुक्त कार को सीज कर दिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
- हिमांशु जोशी उर्फ हेम, निवासी पूल्ड आवास टकाना, पिथौरागढ़, उम्र 31 वर्ष।
- ज्योत्सना खाती उर्फ ज्योति, निवासी मदली तल्ली, चंपावत, उम्र 35 वर्ष।
के रूप में हुई है।
दोनों के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के मुताबिक झनकट से लाकर पिथौरागढ़ में बेचता था
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी हिमांशु ने बताया कि वह पूर्व में पत्रकार रह चुका है और स्मैक का सेवन करता है। उसके कथित बयान के मुताबिक पिथौरागढ़ में स्मैक की मांग होने के कारण वह झनकट से स्मैक लाकर यहां बेचता था।
पुलिस के अनुसार, संदेह से बचने के लिए वह अपनी बचपन की दोस्त ज्योत्सना को भी अपने साथ ले गया था।
हालांकि, पुलिस की ओर से पूछताछ में सामने आए इन तथ्यों की आगे की विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर पुष्टि की जाएगी।
सप्लाई चेन खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे के स्रोत, सप्लाई चेन और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की जनता से अपील
पिथौरागढ़ पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक आसपास चरस, स्मैक, हेरोइन या अन्य मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त अथवा तस्करी की जानकारी मिलने पर मानस हेल्पलाइन 1933, डायल 112 या नजदीकी पुलिस इकाई को सूचना दें। पुलिस ने सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही है।
कार्रवाई करने वाली टीम
उपनिरीक्षक मनोज कुमार (एसओजी), अपर उपनिरीक्षक दीपक खनका (एसओजी), कांस्टेबल गोविंद रौतेला, कांस्टेबल सोनू कार्की, हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह (चौकी घाट) और महिला कांस्टेबल राखी (कोतवाली पिथौरागढ़) टीम में शामिल रहें हैं।
@topfans Uttarakhand live 24 Harrish H Mehraa
#Pithoragarh #PithoragarhNews #PithoragarhPolice #CrimeNews #UttarakhandPolice #DrugFreeDevbhoomi #DrugFreeUttarakhand #Smack #Heroin #NDPSAct #PoliceAction #DrugSmuggling #CrimeNewsUttarakhand #UttarakhandNews #BreakingNews #PithoragarhCrime #UttarakhandLive24 #पिथौरागढ़ #पिथौरागढ़_पुलिस #स्मैक #नशा_तस्करी #नशामुक्त_देवभूमि #पुलिस_कार्रवाई #क्राइम_न्यूज #उत्तराखंड_न्यूज