नोएडा में iPhone-18 के लिए लंबी लाइन, मॉल में भीड़: पंजाब से आया खरीदार बोला- सुबह से लाइन में लगा, तब नंबर आया; 2 Pro Max खरीदे
भारत में आज से एपल के नए iPhone 18 Pro और Pro Max की बिक्री शुरू हो गई है। नोएडा में स्थित यूपी के इकलौते एपल स्टोर पर सुबह 6 बजे से ही खरीदारों की भीड़ जुटने लगी। 7 बजते-बजते वहां लंबी लाइन लग गई। पंजाब, हरियाणा और उत्तराखंड जैसे बॉर्डर स्टेट से लोग नया आईफोन लेने के लिए नोएडा पहुंच रहे हैं।
लॉन्च का पहला दिन होने के कारण सेक्टर-18 स्थित DLF मॉल में बना एपल रिटेल स्टोर तय समय से पहले, यानी सुबह 8 बजे ही खोल दिया गया। स्टोर खुलते ही कर्मचारियों ने तालियां बजाकर ग्राहकों का स्वागत किया। लोगों को बारी-बारी से अंदर जाने दिया गया। लोग आईफोन लेकर बाहर निकले तो नाचते-गाते नजर आए।
सबसे पहले आईफोन लेकर बाहर आए युवक ने बताया- मैं पंजाब से आया हूं। हमारे यहां अभी नए फोन की बिक्री शुरू नहीं हुई है, इसलिए मैं पहले दिल्ली गया था। वहां स्टोर पर बहुत ज्यादा भीड़ थी, तो मैंने कैब ली और सीधे नोएडा आ गया। मैं यहां सुबह 6 बजे ही पहुंच गया था और लाइन में सबसे पहला व्यक्ति था। मैंने दो iPhone 18 Pro Max खरीदे हैं।
बता दें कि भारत में एपल के कुल 6 आधिकारिक रिटेल स्टोर्स हैं, जिनमें मुंबई में दो और दिल्ली, नोएडा, बेंगलुरु, पुणे में एक-एक स्टोर शामिल हैं। इन 6 स्टोर्स पर सबसे पहले नए आईफोन की बिक्री शुरू हुई। लखनऊ में भी स्टोर्स पर लोगों की भीड़ दिख रही है। लोगों की भीड़ को देखते हुए कंपनी ने स्टोर्स को रात 10 बजे तक खुले रखने का फैसला किया है।
स्टोर के बाहर लाइन में लगे लोगों ने क्या कहा? पढ़िए-
हरियाणा के रोहतक से आए अर्णव फोगाट ने बताया कि प्री-बुकिंग कराने के लिए पिछले 15 मिनट से लाइन में खड़ा हूं। उम्मीद थी कि प्री-बुकिंग के बाद जल्दी ऑर्डर मिल जाएगा। इसको लेकर लोगों में काफी क्रेज है।
आकाश ने बताया- मैंने 12 तारीख को ही इसकी प्री-बुकिंग करा दी थी। इसके वेपर चैंबर और बेहतर हीट मैनेजमेंट का फीचर पसंद आया। कैमरे में शटर बटन भी जोड़ा गया है, इसलिए मुझे इसके ये फीचर्स पसंद आए।
शिवम ने बताया- मैं करीब एक घंटे से इंतजार कर रहा हूं। पहले से प्री-बुकिंग कराई थी, ताकि नया फोन जल्दी मिल सके। लेकिन, बहुत इंतजार करना पड़ रहा है। नया फोन आया है, इसलिए सोचा कि इसे इस्तेमाल करके नई टेक्नोलॉजी को एक्सप्लोर करेंगे
Farrukhabad, Farrukhabad | Sep 18, 2026