जीविका शेखपुरा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को लेकर परियोजना कर्मियों का एकदिवसीय उन्मुखीकारण।
जीविका शेखपुरा के जिला इकाई स्थित सभागार कक्ष में सोमवार, दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका श्री संतोष कुमार सोनू द्वारा जिले में कार्यरत सभी परियोजना कर्मियों के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर एकदिवसीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
उन्मुखीकरण के दौरान परियोजना कर्मियों को योजना के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, सोलर प्लांट की क्षमता, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले अनुदान तथा बैंक ऋण की सुविधा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि योजना के तहत घरों की छत पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कर परिवार अपनी बिजली की जरूरत को पूरा करने के साथ-साथ बिजली बिल में भी कमी ला सकते हैं।
कार्यक्रम में बताया गया कि 1 किलोवाट से 5 किलोवाट तक के सोलर प्लांट के लिए योजना के तहत अनुदान का प्रावधान है। 1 किलोवाट क्षमता पर केंद्रीय एवं बिहार सरकार का कुल ₹40,000 तक अनुदान, जबकि 2 किलोवाट पर ₹80,000 तक तथा 3 किलोवाट और उससे अधिक क्षमता पर निर्धारित सीमा तक अनुदान का प्रावधान है। साथ ही, पात्र लाभुकों के लिए बैंक ऋण एवं आसान मासिक किस्त की सुविधा की भी जानकारी दी गई।
उन्मुखीकरण के दौरान बताया गया कि आवेदन के लिए बिजली बिल/कंज्यूमर नंबर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक/चेक तथा छत के स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज आवश्यक हैं। योजना के अंतर्गत आवेदन की प्रक्रिया में पंजीकरण, अधिकृत वेंडर का चयन, डिजिटल ऋण आवेदन, सोलर प्लांट की स्थापना, नेट मीटर सेटअप तथा सत्यापन के बाद सब्सिडी की प्राप्ति शामिल है।
जिला परियोजना प्रबंधक श्री संतोष कुमार सोनू ने परियोजना कर्मियों से अपील की कि वे योजना की जानकारी जीविका से जुड़ी दीदियों एवं ग्रामीण परिवारों तक पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक पात्र परिवार सौर ऊर्जा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने से परिवारों के बिजली खर्च में कमी आएगी और स्वच्छ एवं टिकाऊ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि योजना से संबंधित आवेदन प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के आधिकारिक पोर्टल www.pmsuryaghar.gov.in के माध्यम से किया जा सकता है। योजना से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 15555 / 1800-180-3333 भी उपलब्ध है।
जीविका शेखपुरा द्वारा आयोजित इस उन्मुखीकरण कार्यक्रम का उद्देश्य परियोजना कर्मियों को योजना की समुचित जानकारी देकर उन्हें ग्रामीण स्तर पर जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार के लिए सक्षम बनाना रहा, ताकि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जा सके।