सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार के तहत अरियरी प्रखंड में शिविर का आयोजन, डीएम ने लिया जायजा।
सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी प्रखंड में किया जा रहा है। इसी क्रम में आज दिनांक 06.10.2026 को अरियरी प्रखंड में शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 06, 07 एवं 08 अक्टूबर 2026 को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किया जा रहा है।
श्री शेखर आनंद, जिलाधिकारी, शेखपुरा द्वारा अरियरी प्रखंड में पहुंचकर सेवा सेतु शिविर का जायजा लिया गया। इस दौरान शिविर में उपस्थित ग्रामीणों द्वारा अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का विधिवत एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा 5-5 लाभुकों को जन्म प्रमाण-पत्र एवं श्रम कार्ड का वितरण किया गया। इसके उपरांत जिलाधिकारी हजरतपुर मड़रो पंचायत भी पहुंचे, जहां उन्होंने आमजनों की समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार समस्याओं के निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए। यहां भी 5-5 लाभुकों को जन्म प्रमाण-पत्र एवं श्रम कार्ड वितरित किया गया।
इसी क्रम में जिलाधिकारी द्वारा पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण अरियरी प्रखंड स्थित चांदी पहाड़ का निरीक्षण किया गया। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक एवं पर्यटन संभावनाओं का जायजा लिया तथा वहां वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री लखेंद्र पासवान एवं जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री धर्मेंद्र कुमार द्वारा भी वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम के दौरान श्री लखेंद्र पासवान, अपर समाहर्ता, श्री धर्मेंद्र कुमार, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अरियरी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।