आजमगढ़: जिलें में नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व! बाजारों में बढ़ी रौनक! फल, गन्ना, नारियल और पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे लोग! घाटों पर तैयारियां तेज!!
आजमगढ़ जनपद में लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। पर्व को लेकर लालगंज तहसील क्षेत्र और नगर पंचायत कटघर लालगंज सहित आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। घरों से लेकर छठ घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। मिर्जा आदमपुर, करिया गोपालपुर, कैथी शंकरपुर, मसीरपुर, उपेंदा, पकड़ी और अमिलिया सहित विभिन्न गांवों में व्रती महिलाएं श्रद्धा और निष्ठा के साथ अनुष्ठान की तैयारियों में जुटी हैं। छठ महापर्व में शुद्धता, पवित्रता और संयम का विशेष महत्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत में महिलाएं भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करती हैं। पहले दिन नहाय-खाय पर व्रतियों ने स्नान के बाद शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण कर अनुष्ठान की शुरुआत की। शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ महापर्व का समापन होगा। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, गन्ना, नारियल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। मिट्टी के चूल्हे, नए बर्तन और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की मांग भी बढ़ गई है। दुकानदारों ने पर्व को देखते हुए फलों का पर्याप्त स्टॉक जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं, बांस से बने सूप और दउरा की दुकानें भी सज गई हैं। घरों में महिलाएं प्रसाद तैयार करने और पूजन सामग्री व्यवस्थित करने में जुटी हैं। छठ गीतों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। घाटों पर भी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है!!