मारपीट और जातिसूचक गाली के आरोप, पीड़ित ने SP से लगाई FIR की गुहार
संतकबीरनगर। बखिरा थाना क्षेत्र के ग्राम कदमा निवासी विजय कुमार पुत्र प्रभुनाथ ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर दो युवकों पर मारपीट, जातिसूचक गाली देने और बाइक क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित के मुताबिक, बीते 18 अगस्त को वह खलीलाबाद से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के पास मुकुंद यादव और अभिषेक यादव ने उसकी बाइक की चाबी छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर दोनों युवकों ने कथित रूप से जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ थप्पड़ और लात से मारपीट की।
विजय कुमार का आरोप है कि मारपीट में उसके कान में चोट आई, जबकि बाएं हाथ की एक उंगली भी टूट गई। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना बखिरा थाने पर देने के बावजूद अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसने पुलिस अधीक्षक से मामले में FIR दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।