झरेटी रपट पर तेज बहाव बाइक सहित बहा युवक
सवाई माधोपुर I इंद्रदेव खासा मेहरबान हैं। अलसुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते रणथंभौर के बरसाती नाले और झरने उफान पर हैं। इसी बीच झरेटी रपट पर तेज बहाव के बीच बाइक निकालना एक युवक को भारी पड़ गया। युवक बाइक समेत पानी में बह गया, हालांकि गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।
तस्वीरें सवाई माधोपुर-कुंडेरा मार्ग स्थित झरेटी रपट की हैं... जहां रणथंभौर के जंगल और पहाड़ों से निकलने वाला झरेटी नाला पूरे वेग से बह रहा है। तेज बहाव के चलते रपट पर पानी आ गया और कुंडेरा-श्यामपुरा क्षेत्र के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया।
रपट पर पानी आने से दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। लोग पानी का बहाव कम होने का इंतजार करते नजर आए। लेकिन इसी दौरान एक युवक ने तेज बहाव के बीच बाइक निकालने की कोशिश की।
युवक कुछ दूर तक तो बाइक लेकर पहुंचा, लेकिन तेज बहाव में संतुलन बिगड़ते ही बाइक समेत पानी में बहने लगा। युवक ने बाइक बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज धार के आगे उसकी एक नहीं चली और बाइक पानी में समा गई।
हालांकि युवक कुछ दूर बहने के बाद सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन उसकी बाइक तेज बहाव में बह गई। गनीमत रही कि हादसे में युवक की जान बच गई।
प्रशासन लगातार बरसाती रपट और नालों के तेज बहाव के दौरान इन्हें पार नहीं करने की अपील करता है। बावजूद इसके लोग जान जोखिम में डालकर ऐसी कोशिश करते नजर आते हैं। इस हादसे में युवक की जान तो बच गई, लेकिन उसकी बाइक पानी में बह गई।