यमुना नदी में स्नान करते डूबा छात्र, सोमवती अमावस्या के अवसर पर यमुना नदी में स्नान करने पहुंचा हरियाणा जींद निवासी 16 वर्षीय छात्र गहरे कुंड में डूब गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहां मौजूद गोताखोरों ने छात्र की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
हरियाणा के जिला जींद के गांव खेड़ा खेमावती निवासी बलविंदर सोमवार को अपने भाई गजे सिंह, 16 वर्षीय पुत्र शुभम व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवती अमावस्या के अवसर पर यूपी-हरियाणा बॉर्डर स्थित सनौली यमुना नदी में स्नान करने आए थे। दोपहर करीब दो बजे परिवार के लोग यमुना में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान शुभम यमुना के नए ब्रिज के पिलर के पास पहुंच गया। जहां अचानक वह गहरे कुंड में चला गया और डूब गया। किशोर के डूबते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शोर सुनकर मौके पर मौजूद गोताखोरों ने तुरंत यमुना नदी में छलांग लगाकर उसकी तलाश शुरू कर दी। देर रात तक भी नहीं लगा सुराग।