सूर्यपुरा प्रखंड कार्यालय पर राजद का एकदिवसीय धरना, महंगाई-बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना
रोहतास जिले के सूर्यपुरा प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट पर मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा एकदिवसीय धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया। धरना का नेतृत्व राजद प्रखंड अध्यक्ष रमेश टोटो एवं युवा प्रखंड अध्यक्ष सह मुखिया प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन राजद किसान सेल के जिलाध्यक्ष विजय सिंह यादव ने किया। धरना में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।
धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विजय कुमार मंडल ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार की आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई है कि कर्मचारियों को वेतन देने के लिए भी कर्ज लेना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं, जिसके कारण विकास की गति धीमी पड़ गई है। उन्होंने कहा कि किसान खाद की समस्या से जूझ रहे हैं और उन्हें खाद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, लेकिन समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। धरना में शामिल नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली, कानून व्यवस्था और बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार को घेरा। वक्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। राजद नेताओं ने नीट पेपर लीक मामले और सीबीएसई परीक्षा प्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लगातार परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर हुआ है तथा युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि जनता, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर राजद का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।