ब्रेकिंग न्यूज़ प्रतापगढ़।
रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली दासा चौरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में बिजली का स्विच बंद करने के दौरान करंट की चपेट में आए दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए। बड़े भाई की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि छोटे भाई का इलाज जारी है। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल बुनियादी सुविधाओं और प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जामताली दासा चौरा निवासी अनिरुद्ध गौतम (45) पुत्र लाल बहादुर गौतम बुधवार सुबह करीब छह बजे नींद से उठने के बाद घर में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड का स्विच बंद करने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने स्विच दबाया, वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गए। अनिरुद्ध को तड़पता देख उनका छोटा भाई शशि गौतम (28) उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन रास्ता न होने से इलाज में विलंब होने से मौत हो जाने का आरोप लगा रहे हैं। उनका आरोप है कि सालों से रास्ते की समस्या को लेकर वह सभी प्रशासन से गुहार लगा रहे है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।