सई नदी में समाया तीन बहनों का इकलौता भाई, तलाश जारी
सई नदी में समाया तीन बहनों का इकलौता भाई, तलाश जारी
नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबा 17 वर्षीय प्रियांशु, परिवार में मचा कोहराम
जान मोहम्मद
प्रतापगढ़। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के धारूपुर गांव में शनिवार को उस समय मातम पसर गया, जब तीन बहनों का इकलौता भाई 17 वर्षीय प्रियांशु यादव सई नदी में नहाते समय गहरे पानी में समा गया। हादसे के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल है।
धारूपुर निवासी मिठाई लाल यादव का बेटा प्रियांशु शनिवार को गांव के दो दोस्तों के साथ रिश्तेदारी में निमंत्रण खाने गया था। लौटते समय तीनों करौंदी घाट पर सई नदी में नहाने लगे। इसी दौरान प्रियांशु अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की तेज धारा में डूब गया।
साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कराई। नदी का बहाव तेज होने के कारण देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
इधर, प्रियांशु के डूबने की खबर घर पहुंचते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीन बहनों के इकलौते भाई के नदी में डूबने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी गमगीन माहौल है और लोग नदी किनारे उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
Pratapgarh, Pratapgarh | Sep 20, 2026