जिला उपायुक्त श्री मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में रथ पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने को लेकर ऑनलाइन माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने क्षेत्र में आयोजित होने वाले रथ मेला एवं पूजा स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करें। पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संपर्क सूची अद्यतन रखने तथा आयोजन स्थलों पर सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रथ यात्रा के निर्धारित मार्गों का भौतिक निरीक्षण कर सड़क की स्थिति, विद्युत तारों, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की पूर्व जांच कर ली जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता के अनुरूप दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित करने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया। पर्व के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्ती एवं फ्लैग मार्च आयोजित करने को भी कहा गया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आयोजन स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी निगरानी की व्यवस्था की जाए। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा भ्रामक सूचना फैलाने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। आम नागरिकों से भी अपील की गई कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें तथा शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में सिविल सर्जन को आवश्यकतानुसार मेडिकल टीम एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अग्निशमन विभाग को जुलूस स्थलों पर आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से विशेष वाहन जांच अभियान संचालित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी थाना प्रभारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी मुख्य रूप उपस्थित रहे।